कूड़ा जलाता दौड़ता रहा डंपिंग वाहन
जागरण संवाददाता, एटा: शुक्र है भगवान बच गए, ये आग तो जानलेवा है। कैसी हद दर्जे की लापरवाही है। साथ म
जागरण संवाददाता, एटा: शुक्र है भगवान बच गए, ये आग तो जानलेवा है। कैसी हद दर्जे की लापरवाही है। साथ में वायु प्रदूषण भी। जी हां यह वह जुमले हैं जो शहर में लोग जान बचाने के बाद बोलते नजर आए। पालिका कर्मियों की मनमानी लोगों के लिए मौत से कम न थी। रविवार को शहर भर में नगर पालिका का डंपिंग वाहन कूड़े में आग लगाकर दौड़ता रहा। शहर के प्रमुख मार्ग से गुजरते वाहन पर न तो ट्रेफिक पुलिस की नजर गई और न ही किसी ने वाहन को रोकने की जहमत उठाई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि अगर किसी अन्य वाहन पर गिरती तो बड़ा हादसा तय था। लेकिन जिम्मेदार आंखों पर पट्टी बांधकर सबकुछ देखते रहे।
इस तस्वीर को ध्यान से देखिए। आपको आगे कुछ सोचने की जरूरत न पड़ेगी। ये तस्वीर शहर के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग से ली गई है। जहां नगर पालिका का डंपिंग वाहन कूड़े में आग लगाता हुआ दौड़ रहा है लेकिन ट्रेफिक पुलिस की नजर इस पर न पड़ी। वाहन में लगी आग इतनी तेज थी कि अगर यह लपटें किसी अन्य वाहन पर गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हुआ यूं कि नगर पालिका का वाहन शहर के ठंडी सड़क से कूड़ा उठाकर शहर से बाहर फेंकने जा रहा था। इस दौरान पालिका कर्मियों ने इस कूड़े में आग लगा दी। आग लगा कूड़ा लेकर वाहन पूरे शहर में दौड़ता रहा। वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि आग की लपटें सड़क पर गिर रही थीं। आग को देख सड़क से गुजर रहे लोगों ने इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। लेकिन ट्रेफिक पुलिस ने वाहन को रोकने की जहमत न उठाई। अब जरा सोचिए नियमों और जान की परवाह किए बगैर पालिका कर्मी जनता के साथ खिलवाड़ करने से चूक नहीं रहे हैं। अपना कोरम पूरा करने को नियमों को ताक पर रखा जा रहा है, जबकि पालिका प्रशासन बड़े हादसे का इंतजार कर नींद में है।
इनका कहना है
मामला संज्ञान में नहीं है। जानकारी करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में खुले में कूड़े को जलाकर ले जाना गलत है।
पवन कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका