सीएम के आगमन को लेकर तैयारियों में जुटा संगठन
जागरण संवाददाता, कासगंज (एटा): प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जनपद भ्रमण पर 15 मई को आ रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कासगंज (एटा): प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जनपद भ्रमण पर 15 मई
को आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जहां जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। वहीं समाजवादी पार्टी ने भी संगठन स्तर पर तैयारिया शुरू कर दी हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने 8 मई को कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है।
सरकारी तौर पर मुख्यमंत्री का आगमन 15 मई को निश्चित हो चुका है। मुख्यमंत्री कटरी के गांव अल्लीपुर बरबारा में पहुंचेंगे। जहां वह कई वर्ष पूर्व में घोषित की गई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे तथा संभावना जताई जा रही है कि अन्य घोषणा भी कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन स्तर पर जोर शोर से तैयारियां शुरु हो गई है। वहीं संगठन स्तर पर भी तैयारियों को शुरु किया गया है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष और पूर्व सांसद देवेंद्र सिंह यादव ने 8 मई को सुबह 11 बजे जनपद के सपा कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला पंचायत सदस्यों की बैठक आयोजित की है। उन्होंने बताया कि बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी तथा कार्यक्रम में भव्यता के लिए विचार विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बैठक में समय से पहुंचने की अपील की है।