दिन में राहत, सुबह-शाम गलन कायम
जागरण संवाददाता, एटा: मौसम का मिजाज गुरुवार को कई दिनों बाद बदला दिखा। सुबह के समय गलनभरी ठंडक रही।
जागरण संवाददाता, एटा: मौसम का मिजाज गुरुवार को कई दिनों बाद बदला दिखा। सुबह के समय गलनभरी ठंडक रही। कोहरा और शीतलहर ने लोगों को परेशान रखा। वहीं सुबह 10 बजे के बाद निकली धूप से लोगों को ऊर्जा मिली। जबकि सूर्यास्त के बाद शाम को फिर ठंड का शिकंजा कस गया।
गुरुवार की सुबह शीतलहर और घने कोहरे के साथ शुरू हुई। शहर के अंदर आबादी में कोहरे से मकान आदि ढके रहे। वहीं, आबादी से बाहर स्थिति और भी खराब थी। मार्गो पर कुछ कदम की दूरी बाद कुछ देखना मुमकिन नहीं था। इसका सीधा असर यातायात संचालन पर पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंगते दिखे। कोहरा और शीतलहर के साथ गलनभरी ठंड से लोग भी व्याकुल रहे। घर से बाहर निकलने वाले लोग कोहरा साफ होने का इंतजार करते रहे। लोगों को राहत भी जल्दी ही मिली।
सुबह करीब 8.30 बजे के बाद से कोहरा हटने लगा। लगभग 10 बजे सूर्यदेव ने दर्शन दे दिए। हल्की निकली धूप समय बढ़ने के साथ तेज होती गई। धूप की गरमाहट से लोगों को ठंड में काफी राहत मिली। दोपहर के समय छतों, मैदानों सहित कार्यालय परिसर आदि में लोग धूप की गरमाहट लेते नजर आए। सूर्य छुपने के बाद फिर ठंड का असर शुरू हो गया। दिन का अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहा।