फ्लाई ओवर न होने से जान को खतरा
जागरण संवाददाता, कासगंज (एटा): स्थानीय रेलवे जंक्शन के पश्चिम में बसे गांव अहरौली के लोग फ्लाई ओवर न
जागरण संवाददाता, कासगंज (एटा): स्थानीय रेलवे जंक्शन के पश्चिम में बसे गांव अहरौली के लोग फ्लाई ओवर न होने के कारण अपनी जान जोखिम में डाल रेलवे लाइन पार कर शहर को आते हैं। ग्रामीणों का आक्रोश है कि उनकी समस्या को नजरंअदाज किया जा रहा है। अब क्षेत्रीय वाशिंदे फ्लाई ओवर की मांग को लेकर आंदोलन का मन बना रहे हैं।
रेलवे जंक्शन के पश्चिम क्षेत्र में वैसे तो आधा दर्जन आबादी क्षेत्र बसे हैं। गांव अहरौली के लोगों की वर्षो से एक मुख्य समस्या है कि उन्हें शहर आने के लिए रेलवे पटरियों को पार करना पड़ता है। फ्लाई ओवर न होने के कारण रेलवे लाइन से गुजरते वक्त उनकी जान को खतरा हो जाता है। कभी भी जाने अनजाने में जनहानि की आशंका सताती है। क्षेत्रीय वाशिंदे डा. विनय शौनक का कहना है कि उन्होंने एक बार नहीं कई बार रेल विभाग के उच्चाधिकारियों के अलावा क्षेत्रीय विधायक, सांसद से रेलवे लाइन के ऊपर फ्लाई ओवर बनवाए जाने की मांग की है और दर्जनों ज्ञापन सौंपे हैं।
क्षेत्रीय लोगों की यह एक बड़ी समस्या है। इसी क्षेत्र में रह रहे युवराज व गोकुल प्रसाद का भी यही कहना है कि जब रेलवे फाटक बंद होता है तो घंटों इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में आपातकाल में फ्लाई ओवर का न होना एक बड़ी समस्या बन जाता है। क्षेत्रीय बाशिंदे फ्लाई ओवर बनवाए जाने की मांग को लेकर अब आर पार की लड़ाई का मन बना रहे हैं और आंदोलन करेंगे।