यातायात व्यवस्था चरमराई, इंतजाम फेल
जागरण संवाददाता, एटा: शनिवार को भैया दौज के पर्व पर यातायात व्यवस्था दिनभर चरमराती रही। स्थिति यह थी
जागरण संवाददाता, एटा: शनिवार को भैया दौज के पर्व पर यातायात व्यवस्था दिनभर चरमराती रही। स्थिति यह थी कि मुख्यालय पर जीटी रोड पर घंटों जाम के हालात रहे। वहीं संपर्क मार्ग भी जाम की गिरफ्त में होने के कारण परेशानी बने। जाम के झाम के हाल को देख यातायात पुलिस के इंतजाम पूरी तरह फेल दिखे।
त्योहार को लेकर सुबह से ही भीड़ का अतिरेक रोडवेज बस स्टैंड पर ही नहीं, बल्कि बाजारों में भी नजर आने लगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़े वाहनों के साथ-साथ उमड़ी भीड़ के साथ दुपहिया व निजी वाहनों की संख्या भी लगातार बढ़ती गई। प्रात: 10 बजे से ही जाम की समस्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर परेशानी का सबब बन गई। दोपहर तीन बजे तक यह स्थिति थी कि शहर के दो किमी लंबे मार्ग को तय करने में लोगों को दो घंटे से भी ज्यादा का वक्त लगा। भाइयों को तिलक करने को निकली बहनें और भाइयों को ही जाम से रूबरू नहीं होना पड़ा, बल्कि जीटी रोड से गुजरने वाले परदेशियों को भी जाम ने परेशान किया। जाम से दूर-दूर तक लगी वाहनों की कतारों के बीच तमाम महिलाएं और राहगीर भी बसों से उतरकर गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल यात्रा करने को मजबूर हुए।
शहर में माता जनता दुर्गा मंदिर, बस स्टैंड, ठंडी सड़क तिराहा, घंटाघर चौराहा, शिकोहाबाद रोड, ठंडी सड़क, अलीगंज रोड, लगभग सभी मार्गो पर सांय तक जाम लगा रहा। खास बात तो यह थी कि कुछ चौराहों पर ही यातायात व्यवस्था पर नियंत्रण के लिए ट्रैफिककर्मी दिखाई दिए। अन्यथा वाहन चालकों की मनमानी समस्या को बढ़ाती रही।
अतिक्रमण ने बिगाड़े हालात
त्योहार के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य संपर्क मार्गो की पटरियों पर अस्थायी अतिक्रमण मिष्ठान आदि दुकानें सजाए जाने के कारण बड़ा हुआ था। इसके अलावा ठेल-ठकेलों से फुटपाथ और जहां-तहां बाइकों और चौपहिया वाहनों के खड़ा कर देने से जाम के हालात बने रहे। कस्बाई क्षेत्रों में भी अतिक्रमण के कारण ही जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। अवागढ़, जलेसर, मिरहची, अलीगंज, जैथरा सहित अन्य कस्बाई क्षेत्रों में जाम ने खूब परेशान किया।