छेड़छाड़ कर रहे मनचले को दबोचा, एक फरार
जागरण संवाददाता, कासगंज (एटा): बस स्टैंड पर लड़कियों को छेड़ रहे दो मनचलों में से एक को पुलिस ने गिरफ्
जागरण संवाददाता, कासगंज (एटा): बस स्टैंड पर लड़कियों को छेड़ रहे दो मनचलों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक फरार हो गया। वहीं विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
उपनिरीक्षक राकेश यादव बस स्टैंड इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि दो युवक लड़कियों से छींटाकंशी कर रहे थे। उपनिरीक्षक ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया जिनमें से एक फरार हो गया जबकि एक मनचले को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए मनचले ने अपना नाम अशोक नगर निवासी सुनील पुत्र रनवीर बताया है। उसने बताया कि फरार मनचला बंटी है और अशोक नगर में रहता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
वहीं कासगंज के मनिहार चौक निवासी महिला ने छर्रा के आरिफ पुत्र शराफत अली, आशू पुत्र शराफत अली, शराफत अली पुत्र चुन्नू खां एवं सीम बानो पत्नी शराफत अली के विरुद्ध कासगंज थाने में मारपीट व अश्लीलता करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं सोरों थाना क्षेत्र के गांव दतलाना निवासी एक व्यक्ति ने सहावर थाने में नगला पटिया निवासी जमालुददीन पुत्र सैनी और उसके सात साथियों के विरुद्ध अपनी पत्नी के साथ छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज कराया है।