बस यात्री जहरखुरानी का शिकार
जागरण संवाददाता, एटा (कासगंज): दीपावली पर घर आते समय एक यात्री जहरखुरानी का शिकार बन गया। दिल्ली से
जागरण संवाददाता, एटा (कासगंज): दीपावली पर घर आते समय एक यात्री जहरखुरानी का शिकार बन गया। दिल्ली से कासगंज पहुंचने वाली निगम की बस में सवार यात्री से जहरखुरान सामान व नकदी लूटकर फरार हो गए।
कासगंज डिपो की बस दिल्ली से चलकर प्रात: कासगंज बस स्टैंड पर आकर रुकी। परिचालक ने देखा कि बस की पीछे वाली सीट पर एक यात्री अचेतावस्था में पड़ा हुआ है। परिचालक ने जब उसे उठाने का प्रयास किया और वह नहीं उठा तो उसे यह समझते देर न लगी कि युवक जहरखुरानी का शिकार हुआ है।
परिचालक ने युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया है। वहां अर्द्धमूर्छित अवस्था में उसने अपना नाम राकेश पुत्र रामसनेही निवासी उझानी बताया है।
निगम की बसों में जहरखुरानी की घटनाएं बढ़ी हैं। सबसे अधिक घटनाएं दिल्ली-कासगंज मार्ग पर होती हैं। जहरखुरानी गिरोह के सामने विभागीय अधिकारियों के प्रयास बौने नजर आ रहे हैं। विभागीय उदासीनता के चलते यात्री असुरक्षित हैं। क्षेत्रीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि जहरखुरानी की घटनाएं रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं ताकि बस एवं ट्रेन में यात्री सुरक्षित सफर कर सकें।