शराबियों पर चौकसी रखेंगी महिलाएं
जागरण संवाददाता, अलीगंज (एटा): शराब पीकर त्योहार का मजा किरकिरा करने वाले शराबियों के खिलाफ महिलाओं
जागरण संवाददाता, अलीगंज (एटा): शराब पीकर त्योहार का मजा किरकिरा करने वाले शराबियों के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। कई गांव की महिलाएं शराबियों पर चौकसी रखेंगीं और युवाओं की मदद से उन्हें सबक भी सिखाएंगी।
तहसील क्षेत्र के कई गांवों में नशाखोरी अभिशाप के रूप में छाई हुई है। खासतौर से होली और दीपावली पर्व पर लोग शराब पीकर त्योहार का रंग फीका करते हैं। दीपावली पर इस स्थिति से बचने के लिए कई गांवों की महिलाओं ने योजना तैयार की है। ग्राम कलींजर, नाबर तथा झकरई में महिलाओं की टीमें बनाई गई हैं, जो शराब पीने वाले पुरुषों पर चौकसी करेंगी। इस काम में मदद युवाओं की निर्देशन बुजुर्गो का लिया जा रहा है। शराब पीने वालों के अलावा बनाने और बेचने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। इन गांवों की महिलाओं को देख अन्य कई गांव भी इस कवायद को अपने गांव में कर नशाखोरी पर लगाम कसने का मन बना रहे हैं। कलींजर के धर्मवीर सिंह ने बताया कि अभियान पहले से चल रहा है। महिलाओं की संख्या बढ़ने से इसमें तेजी आई है। झकरई के वीरेन्द्र सिंह और नाबर के लालमन कहते हैं कि महिलाओं को अपने-अपने घर में पुरुषों के शराब पीने की सही-सही जानकारी होती है। लेकिन विरोध न करने के कारण पुरुषों के हौसले बढ़ जाते हैं। यदि ये महिलाएं ही सशक्त तरीके से विरोध करें तो नशाखोरी निश्चित रूप से खत्म हो जाएगी।