अगवा युवक जंगल मे पड़ा मिला
जागरण संवाददाता एटा : जैथरा क्षेत्र से 17 दिन पूर्व अगवा किया गया युवक जंगल मे पड़ा मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को बंधन मुक्त करने के बाद घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की। पुलिस नामजद अपहर्ताओं की तलाश मे दबिशें दे रही है।
एसओ जैथरा आरके अवस्थी ने बताया कि गुरुवार को प्रात: करीब 5 बजे ग्राम पटेर के ग्रामीणों ने सूचना दी कि 28 वर्षीय अगवा युवक जंगल मे पड़ा हुआ है। अपहर्ता इस युवक को हाथ-पैर बांध कर रात मे किसी समय यहां डाल गये। इस जानकारी वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। अगवा ग्राम कठिंगरा निवासी अनिल कुमार पुत्र रामरहीस के हाथ-पैर खोलने के बाद उसे थाने लाया गया। अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त हुए अनिल ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर की शाम वह अपने चचेरे भाई विजेन्द्र के साथ खेत से घर लौट रहा था। तभी रंजिश के चलते गांव का ही अनेक सिंह अपने आधा दर्जन साथियों की मदद से उसे कार मे डाल कर ले गया था। चचेरे भाई विजेन्द्र द्वारा विरोध करने पर अपहर्ताओं ने उसे गोली मार दी थी।
इधर वारदात के बाद परिजनों द्वारा गोली लगने से घायल विजेन्द्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। एसओ ने बताया कि अपहरण और हत्या के प्रयास की रिपोर्ट अनिल की मां मुन्नी देवी ने अनेक सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ दर्ज कराई थी। अगवा अनिल की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस की टीम अनेक सिंह और उसके साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है।