अर्जिता ने प्रदेश में कमाया नाम
एटा: राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र नई दिल्ली द्वारा राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान उत्तर प्रदेश के सहयोग से इलाहाबाद में आयोजित की गई राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में फिर एटा का नाम चमका है। अलीगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में शामिल हुई असीसी कांवेंट स्कूल की छात्रा अर्जिता मिश्रा ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
संगोष्ठी के विषय 'शतत् भविष्य के लिए कृषि में नव प्रवर्तन संभावनाएं एवं चुनौतियां' पर अर्जिता ने बेहतर प्रस्तुति देकर दूसरे जिलों के प्रतिभागियों को भी पीछे छोड़ दिया। जिन्हें प्रदेश में द्वितीय स्थान मिलने पर राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान की निदेशक श्रीमती नीना श्रीवास्तव द्वारा पुरस्कृत किया गया। दो वर्ष पूर्व अर्जिता की बहन हर्षिता मिश्रा भी विज्ञान संगोष्ठी में प्रदेश स्तर पर विजेता रही हैं। अर्जिता की कामयाबी पर शहर के प्रबुद्धजनों के अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार गिरि, एडीआइओएस सुनील कुमार, बीएसए एसएस यादव, शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष शशिकांत शर्मा, ऋषिराम दुबे के अलावा विद्यालय प्रधानाचार्य व शिक्षिकाओं ने उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी है।