कैरोसिन छिड़ककर महिला ने लगाई आग, गंभीर
जागरण संवाददाता, एटा-कासगंज: कासगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रेखपुर में महिला ने कैरोसिन छिड़क कर आग लगा ली। जिससे वह गंभीर रूप से जल गई। महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां से गहन चिकित्सा के लिए अलीगढ़ रैफर कर दिया गया है।
अर्चना पत्नी विकास चौहान अपने मायके रेखपुर में रह रही थी। मंगलवार रात्रि को अर्चना ने घर के कमरे में ही बंद होकर खुद के शरीर पर कैरोसिन छिड़क लिया और आग लगा ली। महिला की चीख पुकार सुन घर के अन्य सदस्य बचाव के लिए भागे। और बमुश्किल आग बुझाई। आग से जलकर महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। परिजन उसे उपचार के लिए कासगंज के जिला चिकित्सालय में लाए जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया और हालत गंभीर बताते हुए गहन चिकित्सा के लिए अलीगढ़ रैफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक महिला 80 प्रतिशत तक जली हुई है, उसकी हालत गंभीर है।
घटना कारण पता नहीं चल सका है। महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगाई है। गांव में इस घटना को लेकर कोई भी जानकारी देने से इनकार कर रहा था। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। परिजनों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर बनी हुई थी।