जमीनी विवाद में हमला, मां-बेटा समेत चार घायल
जागरण संवाददाता, एटा : मिरहची क्षेत्र में जमीनी विवाद में लाठी-डंडों से हमलाकर मां-बेटा समेत चार लोगों को घायल कर दिया गया। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है।
हमले की घटना गांव नगला मुंडा की है। गांव के निवासी महेशचंद्र पुत्र पोख सिंह का मुहल्ला के ही संतोष पुत्र बाबूराम से जमीनी विवाद चला आ रहा है। विवादित जमीन की ओर 25 जुलाई को दोपहर संतोष मकान का दरवाजा लगवा रहा था। मौके पर पहुंचे महेश द्वारा विरोध किया गया। इसी बात से क्षुब्ध होकर संतोष ने अपने पांच अन्य परिजनों की मदद से लाठी-डंडों से हमलाकर महेश को लहूलुहान कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही उसकी मां रामबेटी, चाचा जसराम तथा भाई वेदप्रकाश की पत्नी विमलेश देवी भी मौके पर पहुंच गई। हमलावरों ने सास-बहू और जसराम को भी नहीं बख्शा, उन्हें भी घायल कर दिया। हमले में घायल महेश, रामबेटी, जसराम तथा विमलेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक जय सिंह परिहार ने बताया कि घायल महेशचंद्र की तहरीर पर हमले की रिपोर्ट संतोष पुत्र बाबूराम समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।