गंगा के तटवर्ती इलाकों में मुनादी
जागरण संवाददाता,एटा:ंगगा के तटवर्ती इलाकों में प्रशासन ने बुधवार को ग्रामीणों को बाढ़ के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से मुनादी कराई। कई गांवों में जाकर बाढ़ के संभावित खतरे के प्रति सचेत किया।
गंगा में इन दिनों बैराजों से पानी छोड़ा जा रहा है। नरौरा बैराज से दो बार पानी छोड़ा जा चुका है। इस कारण पानी का जलस्तर बढ़ रहा है। ज्यादा दवाब के कारण खंदारी तटबंध खतरे में है। इस पर बढ़ रहे खतरे को लेकर प्रशासन सतर्क है। बुधवार को अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर हालातों का जायजा लिया। गंगा पार इलाके में हिम्मत नगर बझेरा, गठौरा, रिकैरा,आदि गांवों में लोगों को सचेत किया गया। एसडीएम पटियाली प्रेमनाथ ने बताया 9 बाढ़ चौकियों पर सिचाई विभाग की टीमें तैनात कर दी गई हैं। इन टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी सूरत में चौकी न छोड़ें। चौकियों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि अभी बाढ़ का ज्यादा खतरा नहीं है मगर प्रशासन सतर्क है। 20 नावों का अनुबंध किया गया है। इन नावों पर नाविक तैनात हैं जो आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देश पर काम करेंगे।
गावों में बाढ़ का पानी दाखिल होने पर पीड़ितों के लिए टैंट तंबू के इंतजाम किए गए हैं। पिछली बार की तबाही को देखते हुए कटान रोकने के इंतजामात अभी भी किए जा रहे हैं। कुछ बांधों की चौड़ाई और ऊंचाई एक से डेढ़ मीटर तक बढ़ाई जा रही है। बाढ़ खंड किसी प्रकार के खतरे की आशंका से इंकार कर रहा है। मगर पिछले कुछ वर्षो से गंगा की लहरों का प्रकोप झेल रहे ग्रामीणों को खेती तबाह होने की आशंका भी सता रही है।