..तो हो सकता था बड़ा हादसा
एटा: नेशनल हाईवे पर बुधवार को बड़ा हादसा होने से बच गया। अस्पताल के अंदर और पेट्रोल पंप के पास ही कूड़े के ढेर को आग के हवाले कर दिया गया। जिससे उठी लपटें देख पेट्रोल पंप के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आग को पानी चलाकर बुझवाया गया।
जिला अस्पताल में बेकार गद्दे आदि सामान जलाने के लिए कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से अनुमति ली। इसके बाद सामान को मोर्चरी की ओर इकट्ठा कर आग लगा दी। बड़े-बड़े गद्दे और अन्य सामान ने थोड़ी ही देर में आग का प्रचंड रूप धारण कर लिया। मोर्चरी के पास में ही जीटी रोड पर पेट्रोल पंप है। अस्पताल से उठी लपटें जब पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने देखीं तो हड़कंप की स्थिति मच गई। स्थिति को देखकर अस्पताल और आसपास भी भय का माहौल बन गया। काफी देर की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आरएस शुक्ला ने बताया कि उनसे कचरा निस्तारण की अनुमति ली गई थी। लेकिन इसका स्थान आई वार्ड की ओर बताया गया। जबकि कर्मचारियों ने इसे मोर्चरी की ओर जला दिया। सुरक्षा कारणों को देखते हुए कर्मचारियों ने काफी बड़ी गलती की है।