तीन रोडवेज यात्रियों से जहरखुरानों ने लूटे 20 हजार
निज प्रतिनिधि,एटा: तीन रोडवेज यात्रियों से जहर खुरान गिरोह के बदमाशों ने बीस हजार रुपये लूट लिये और फरार हो गये।
रोडवेज बस में कंपिल जनपद फर्रुखाबाद निवासी वीर सिंह पुत्र रछपाल दिल्ली से एटा आ रहा था। यहां उसे यादव नगर स्थित रिश्तेदारी में जाना था। परिचालक जितेन्द्र यादव ने उसे अलीगढ़ के पास अचेत देखा, तो जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। होश में आने पर बताया, उसके पास 15 हजार रुपये और कुछ सामान था। दिल्ली से आ रहे जैथरा निवासी रामसेवक पुत्र अनेक पाल सिंह को भी जहर खुरानों ने लूट लिया। जिला अस्पताल में भर्ती कराये गये इस युवक ने बताया, दिल्ली से रोडवेज बस में एटा के लिये बैठा था। अलीगढ़ के पास उसे किसी ने कुछ सुंघा दिया और बेहोश हो गया। रामसेवक निजी सुरक्षा कंपनी में काम करता है। वह रिश्तेदार की तेरहवीं में भाग लेने आ रहा था। उसके पास 5 हजार रुपये और एक बैग था। बदमाश दोनों चीजें लूट ले गये।
जहरखुरानी का शिकार तीसरा अज्ञात यात्री भी हुआ है। यह यात्री दिल्ली से आ रहा था। चालक महेन्द्र सिंह ने उसे अचेतावस्था में भर्ती कराया है। इस यात्री की पहचान नहीं हो सकी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर