देवरिया में प्रशासन के खिलाफ बाजार बंद, भाजपाइयों व अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
भाजपा, हियुवा व इनके आनुषंगिक संगठनो के कार्यकर्ताओं के अलावा डिस्ट्रिक्ट व कलेक्ट्रेट बार के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को सड़क पर उतर कर जोरदार प्रदर्शन किया।
गोरखपुर (जेएऩएन)। देवरिया जनपद के मेहरौना कांड में पुलिस की भूमिका को एक पक्षीय करार देने वाले भाजपा, हियुवा व इनके आनुषंगिक संगठनो के कार्यकर्ताओं के अलावा डिस्ट्रिक्ट व कलेक्ट्रेट बार के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को सड़क पर उतर कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने वाले भाजपा व हिंदू संगठनों के लोगों ने इस दौरान शहर में दुकानें भी बंद कराईं। भारी फोर्स शहर में तैनात है। बंदी का असर शहर में साफ झलक रहा है।
प्रदर्शनकारी मेहरौना कांड में लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने व बेकसूर लोगों रिहाई की मांग कर रहे हैं। 13 अक्टूबर की रात में प्रतिमा विसर्जन के दौरान देवी मंदिर में नारियल चढ़ाकर जुलूस निकाले जाने पर पुलिस ने लोगों को रोका था। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को पीट दिया। इससे उत्तेजित लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया और रात में ही मेहरौना में लोगों के घरों में घुसकर महिलाओं और बच्चों की पिटाई कर दी थी। नौ लोगों को गिरफ़्तार कर 500 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। दूसरे दिन मेहरौना में भारी पुलिस फोर्स के कारण मेहरौना में लोग घरों से नहीं निकल पाए।
हालांकि दोपहर बाद कुछ लोग निकले तो पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया। अगले दिन महिलाएं घर से निकलीं और विसर्जन के लिए जा रही प्रतिमाओं के सामने सड़क पर लेटकर जाम लगा दिया। महिलाएं गिरफ़्तार लोगों को रिहा करने और दर्ज मुकदमें वापस करने की मांग कर रही थीं। इस मामले में भी आधा दर्जन लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया। तब से लेकर प्रशासन के खिलाफ लोगों में गुस्सा था। शुक्रवार को वह गुस्सा सड़क पर उतार आया। बाजार बंद है और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी जारी है।