सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा शमां, झूमे लोग
देवरिया:
जागरण महोत्सव कापहला दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम रहा। सुबह से लेकर देर शाम तक नामचीन कलाकारों ने जहां पूरे आयोजन में शमां बांध दिया वहीं दर्शक भी अपने-अपने स्थानों पर जमे रहकर कार्यक्रम में गोता लगाते रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज देवता चौबे के आल्हा से हुआ। श्री चौबे ने लगभग दो घंटे तक अपनी प्रस्तुतियों के जरिए उपस्थित लोगों में जोश भर दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत 'आम रोहनिया के कारण से दुनु पक्ष में ऊपजा मार, लइकन के कारण झंगड़ा भईल, निक गए बड़े-बड़े बलवान...' ने एक बार फिर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इसके बाद सायं 5 बजे शुरू हुआ लोक नृत्य फरी का सिलसिला। डेबा यादव व उनकी टीम ने इस नृत्य की शुरुआत मां के गीत से किया। इस नृत्य के जरिए कलाकारों ने लुप्त होती प्राचीन परंपराओं को जीवंत कर दिया। इस बीच दर्शकों ने बीच-बीच में तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही कलाकारों के प्रदर्शन से रोमांचित दर्शकों ने उन्हें नकद पुरस्कार भी दिए।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कुमारी अंजलि त्रिपाठी व निधि त्रिपाठी ने बेहतरीन भजन की प्रस्तुति कर लोगों का दिल जीत लिया। अभी दर्शकों के दिलों दिमाग पर भजन का असर कम भी नहीं हुआ था कि तभी रत्नेश एण्ड पार्टी देवरिया ने सत्यम-शिवम्-सुन्दरम् की भावपूर्ण प्रस्तुति के जरिए कार्यक्रम में चार-चांद लगा दिया। दर्शकों ने जोरदार तालियों के बीच कलाकारों की हौसलाफजाई की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों कीअगली कड़ी में शहर के पीडी एकेडमी के बच्चों ने शानदार डांस कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों की खूब वाहवाही लूटी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर