दिव्यांग दूल्हा देख दुल्हन ने किया शादी से इन्कार
देवरिया: जनपद के भटनी स्थित जलपा माई मंदिर पर बुधवार को दिन में आई बरात को उस समय वापस होना पड़ा, जब
देवरिया: जनपद के भटनी स्थित जलपा माई मंदिर पर बुधवार को दिन में आई बरात को उस समय वापस होना पड़ा, जब दुल्हन ने दूल्हा को दिव्यांग देख उससे शादी करने से इन्कार कर दिया। घंटों चली पंचायत के बाद भी बात न बनने पर बरात वापस हो गई। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं दिन भर होती ही। दुल्हन का आरोप है कि उससे दूल्हे के दिव्यांगता को छिपाया गया।
पड़ोसी प्रांत बिहार के कटया थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर निवासी टुनटुन राजभर पुत्र ज्वाला राजभर की शादी बरहज थाना क्षेत्र के एक गांव में तय हो गई। दुल्हन के पिता की माली स्थिति ठीक न होने के चलते लड़की के पिता ने शादी मंदिर से ही करने की बात कह दी। बुधवार को दुल्हन को लेकर उसके परिजन व रिश्तेदार जलपा माई मंदिर पहुंचे और बरातियों के सेवा सत्कार में जुट गए। दोपहर को बरात आई और द्वारपूजा की रश्म अदा होने लगी। इसी बीच दुल्हन की नजर दूल्हे पर पड़ी तो वह भड़क उठी। दूल्हा दिव्यांग था। उसके पीठ पर कुबड़ निकला था। उसने शादी करने से इन्कार कर दिया और परिजनों पर आरोप लगाने लगी कि यह बात उससे छिपाई गई। इसके बाद मंगलगीत पर अचानक ब्रेक लग गया। साथ ही लोग दुल्हन को मनाने में जुट गए। लेकिन दुल्हन अपने निर्णय पर अडिग रही। अंत में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का सामान वापस किया और बिना शादी के ही बरात बिहार को वापस हो गई।
-----
एक सप्ताह पहले भी वापस हुई थी बरात
एक सप्ताह पूर्व सलेमपुर कोतवाली के एक गांव में बरात लेकर बरहज थाना क्षेत्र का एक युवक पहुंचा और जमकर शराब पी ली। द्वारपूजा के दौरान ही दूल्हे की हरकत देख दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया और बाद में पुलिस बुलानी पड़ी। दोनों पक्षों का सामान वापस हुआ और बरात वापस हो गई। यह तो एक बानगी मात्र है। आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही है और बरात वापस लौट जा रही है। लोगों का कहना है कि शादी तय करने से पहले जांच कर लें और फिर शादी की तिथि तय करें।