जन्मदिन पर पौध लगाने का जुनून
देवरिया : पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने वाले रामऔतार को पौध लगाने का जुनून है। वह अपने हर जन्मद
देवरिया : पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने वाले रामऔतार को पौध लगाने का जुनून है। वह अपने हर जन्मदिन पर पौधों को वितरित कर इसके रोपण के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इसके अलावा मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधरोपण करना इनकी दिनचर्या में है। इसका परिणाम है कि रामऔतार अब तक 1800 पौध लगा चुके हैं और आगे भी यह कार्य करते रहने का इनका संकल्प है।
गाजीपुर जनपद के मूल निवासी रामऔतार के पिता उजागिर देवरिया में स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करते थे। तभी से रामऔतार देवरिया में हैं। अब इन्होंने अपना ठिकाना अबूबकरनगर वार्ड नंबर 23 को बना लिया है। पिता की नौकरी के दौरान ही इनको स्वास्थ्य विभाग में ड्राइवर की नौकरी मिल गई। उसी समय से पर्यावरण संरक्षण के प्रति इनका रुझान है। रामऔतार ने अपने जन्मदिन पर दस सागौन के पौधे निश्शुल्क बांटना शुरू किया। इन्होंने वर्ष 2003 में सरकारी नौकरी छोड़ दी, लेकिन समाज सेवा व पर्यावरण संरक्षण के कार्य से जुड़े रहे। अब तो मंदिरों व स्कूलों में निश्शुल्क पौधे देकर इस कार्य को बखूबी अंजाम दे रहे हैं। इसमें मां शेरावाली दरबार बरडीहा लाला, माता मंदिर लवरछी, शिवमंदिर बरहज, शिव मंदिर सूरजपुरा, बसियवां, न्यू कालोनी स्थित शिव मंदिर शामिल है। अभी रोजा में मस्जिदों में नामाजियों को पौधे देकर पर्यावरण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इन्होंने पर्यावरण के क्षेत्र में बृहद रूप से कार्य करने के लिए अपनी पत्नी के नाम से विमला देवी नारी उत्थान सेवा समिति का गठन किया है। इनकी संस्था देवरिया के अलावा गाजीपुर व अन्य जनपदों में पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
---------
बेटियों के जन्म पर लगवाते दस सागौन
-रामऔतार 1 जनवरी 2016 के बाद बेटियों के जन्म पर उनके परिजनों को निश्शुल्क दस सागौन का पौधे देकर उनसे लगवाते हैं। इनका मानना है कि दस सागौन के पौधे लगाने के बाद अठारह साल के बाद एक पौध चार लाख का होगा। इससे बेटियों की शादी बड़े आराम से कोई भी माता-पिता कर सकता है। यह अब तक करीब 26 बेटियों के जन्म लेने पर दस-दस सागौन के पौधे निश्शुल्क वितरित कर चुके है।