दुबई व गोवा में दो मजदूरों की मौत
जागरण संवाददाता, भाटपाररानी, देवरिया : खामपार थाना क्षेत्र के भठवा तिवारी गांव में दो मजदूरों की मौ
जागरण संवाददाता, भाटपाररानी, देवरिया : खामपार थाना क्षेत्र के भठवा तिवारी गांव में दो मजदूरों की मौत से गांव में कोहराम मच गया है। एक मजदूर गोवा में तो दूसरा दुबई में कार्य करता था। दोनों की मौत कंपनी में कार्य करते दुर्घटना के कारण हुई। घटना के बाद एक ही गांव के दो परिवारों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है।
अजय शर्मा 28 पुत्र देवशरण शर्मा एक वर्ष पूर्व दुबई कमाने गया था। उसके घर की माली हालत ठीक नहीं थी। वह ड्राइवर के ट्रेड से विदेश गया। सबकुछ ठीक ठाक चल रहा था कि शुक्रवार को उसके घर खबर आई कि अजय की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई है। यह सूचना मिलने के बाद परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई। मृतक के दो छोटे पुत्रों, पत्नी व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दूसरी घटना इसी गांव की है। गांव के राम बड़ाई प्रसाद के तीन पुत्रों में 22 वर्षीय बड़ा पुत्र धनंजय कुमार गोवा में मजदूरी कर अपनी जीविका चलाता था। सब कुछ ठीक चल रहा था कि अचानक उसके मौत की खबर आई और गांव में कोहराम मच गया। गांव के लोग दोनों परिवारों को ढांढस बंधाने में लगे हैं। गांव में मातम का माहौल है।