चार दिन बाद पीपा पुल पर आवागमन शुरू
देवरिया: दो दिन की मशक्कत के बाद घाघरा नदी पर बने पीपा पुल का मरम्मत रविवार को पूरा हो गया, जिसके ब
देवरिया: दो दिन की मशक्कत के बाद घाघरा नदी पर बने पीपा पुल का मरम्मत रविवार को पूरा हो गया, जिसके बाद पुल पर आवागमन शुरू हो गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
20 मई को अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से उत्तरी एप्रोच मार्ग पर पानी भर गया। पानी के बहाव के साथ मिट्टी बहने के कारण एप्रोच भी धंस गया, जिसके बाद विभाग ने पुल पर वाहनों का आवागमन रोक दिया था। शनिवार को सुबह अवर अभियंता के देखरेख में पुल के मरम्मत कार्य शुरू हुआ। इस कार्य में दो दर्जन मजदूर और दो ट्रैक्टर लगाए गए थे। इस दौरान नदी पार करने वालों को नाव का सहारा लेना पड़ा। चार दिन तक पैदल और दोपहिया सवार तो जैसे-तैसे नदी पार कर भी गए, लेकिन चार पहिया वाहनों को दोहरीघाट के रास्ते लंबी दूरी तय करनी पड़ी। इससे न केवल समय की बर्बादी हुई बल्कि अधिक धन भी खर्च करना पड़ा।
विशुनपुर देवार निवासी केशव यादव, मधुबन निवासी शत्रुघ्न कुमार राय, बरहज के पुरुषोत्तम मद्धेशिया ने कहा कि जरा सा पानी बढ़ने पर पुल टूट जाता है। विभाग इससे सबक लेता नहीं दिख रहा। अगर शुरु में ही एप्रोच की ऊंचाई ठीक रखी गई होती तो पुल बंद न करना पड़ता।
इस संबंध में अवर अभियंता मोहनलाल ने बताया कि एप्रोच पर मिट्टी भरकर मार्ग दुरुस्त कर दिया गया है। इसके बाद पुल को जनता के लिए खोल दिया गया है।