जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच चले ईंट पत्थर
देवरिया : थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरी उर्फ बंदी में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में शुक्रवार को मा
देवरिया : थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरी उर्फ बंदी में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में शुक्रवार को मारपीट हो गई, जिसमें महिला समेत दर्जन भर लोग घायल हो गए। सभी घायलों का पीएचसी पर उपचार कराया गया। जब दोनों पक्ष थाने में पहुंचे तो वहां भी भिड़ गए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में मुकदमे की कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
गांव के एक व्यक्ति द्वारा जमीन पर निर्माण कराया जा रहा है। उसी निर्माण कार्य को रोकने के लिए दूसरे पक्ष के लोग पहुंच गए और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। यह देख आसपास के लोग भी आ गए और बीचबचाव कर मामले को शांत करा दिया, लेकिन तब तक इस मारपीट की घटना में दर्जन भर लोग घायल हो चुके थे, जिसमें मुन्ना, राकेश, जितेंद्र, संतोष, रामसखी देवी, पट्टू व दूसरे पक्ष से ¨रकी देवी, मानती, मनीषा, नीतू, ब्यासमुनी, संगीता शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और वहां भिड़ गए। यह देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग शांत हो सके। इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। इस बाबत प्रभारी थानाध्यक्ष ने कहा कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया जाएगा।