मासूम अल्शाद की हुई थी हत्या!
देवरिया : भटनी उपनगर के हतवा में चार दिन पूर्व गड्ढे से मिले तीन वर्षीय बालक के शव मामले में बुधवार
देवरिया : भटनी उपनगर के हतवा में चार दिन पूर्व गड्ढे से मिले तीन वर्षीय बालक के शव मामले में बुधवार को कहानी मोड़ लेने लगी। मृत बालक की मां ने इकलौते बेटे की हत्या कर शव को गड्ढे में डालने का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमे की कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
लार थाना क्षेत्र के ग्राम पिंडी निवासी निसार अहमद ने भटनी उपनगर के हतवा मोहल्ले में मकान बनवाया है। वह विदेश में रहता है और यहां मकान में उसकी पत्नी अप्सरी इकलौते बेटे अल्शाद व बेटी रेशमा के साथ रहती थी। 21 फरवरी की शाम दरवाजे पर अल्शाद खेल रहा था। इसी बीच वह गायब हो गया। इसके बाद परिजन उसकी तलाश करने लगे। पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने भी छानबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सुबह उसका शव गढ्डे से बरामद हुआ। शुरुआती दिनों से ही हत्या की आशंका जताई जा रही है। उधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। बुधवार को मृतक की मां अप्सरी खातून ने पुलिस को तहरीर दी, जिसमें कहा है कि उसके बेटे की अज्ञात लोगों ने हत्या कर शव गड्ढे में डाल दिया है। इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी ने कहा कि तहरीर मिली है, तो मामले की छानबीन की जा रही है।