जागरुक करने वाला बोर्ड दर्शा रहा गलत जानकारी
देवरिया : सलेमपुर को जिला बनाने की मांग चल ही रही है। इसी बीच यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए
देवरिया : सलेमपुर को जिला बनाने की मांग चल ही रही है। इसी बीच यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए लगाए गए बोर्ड में सलेमपुर में पुलिस अधीक्षक की तैनाती की सूचना देख सभी लोग चौंक गए। कोतवाल को इसकी भनक लगी तो तत्काल दो उपनिरीक्षक लगाकर बोर्ड को उतार दिया गया। अब पुलिस बोर्ड लगाने वाले की तलाश शुरू कर दी है।
सोमवार को तड़के नगर के विद्युत खंभों पर लटक रहे बोर्ड को देख लोग परेशान हो गए। एक बनियान बनाने वाली कंपनी द्वारा बोर्ड लगाया गया था, जिस पर यातायात नियमों की जानकारी दी गई थी। जैसे नशा कर गाड़ी न चलाएं, यातायात नियमों पर ध्यान दें, सड़क किनारे अतिक्रमण न करें। इस स्लोगन के बाद आज्ञा से पुलिस अधीक्षक सलेमपुर लिख दिया गया था। इसकी सूचना किसी ने कोतवाल रामअवतार सिंह यादव को दे दी। सूचना मिलते ही कोतवाल ने उपनिरीक्षक अनिल सिंह व गंगा सिंह को बोर्ड उतरवाने के लिए भेज दिया। चंद मिनट में ही खंभों पर लगे बोर्ड उतार दिए गए। पुलिसकर्मियों का कहना था कि उस बोर्ड पर पुलिस उपाधीक्षक लिखा होना चाहिए। आखिर यह बोर्ड किसने लगाए, उसकी तलाश की जा रही है।