आज धूमधाम से मनेगा नवें तीर्थकर का जन्मोत्सव
देवरिया: जैन धर्म के नवें तीर्थकर भगवान पुष्पदंत नाथ की जन्मस्थली काकंदी (खुखुंदू) में रविवार को
देवरिया:
जैन धर्म के नवें तीर्थकर भगवान पुष्पदंत नाथ की जन्मस्थली काकंदी (खुखुंदू) में रविवार को जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से उनके अनुयायी पहुंचने लगे हैं। उधर मंदिर के आसपास गंदगी का अंबार देख मंदिर समिति के लोगों ने प्रशासन से शिकायत कर शीघ्र सफाई कराने की मांग की है।
जैन परंपरा में प्राचीनकाल से काकंदी का नाम श्रद्धा से लिया जाता है। यहां जयरामा माता और सुग्रीव पिता के यहां शुक्ल प्रतिपदा के मूल नक्षत्र में भगवान पुष्पदंत का जन्म हुआ। जन्म पश्चात इंद्र ने यहां पर रत्न वर्षा कर इस धरती को पावन बना दिया। तभी से यह काकंदी पावन नगरी बन गई। भारत के दिगंबर जैन तीर्थ-1 में काकंदी नगर का विस्तृत विवेचन मिलता है। सन् 1871 में प्रकाशित कनिंघम के सर्वेक्षण रिपोर्ट में भी इस स्थान का विशद विवेचन है। 17 से 23 जून 2010 तक चले पंच कल्याणक महोत्सव के बाद पर्यटकों के लिए मंदिर का पट खोल दिया गया। तबसे अब तक यहां देश व विदेश से भारी संख्या में पर्यटक दर्शन को आ चुके हैं। रविवार को भगवान पुष्पदंत नाथ का जन्मोत्सव मंदिर परिसर में मनाया जाएगा, जिसमें शामिल होने के लिए देश के कोने-कोने से लोग पहुंच रहे हैं। प्रबंधक अनिल जैन ने बताया कि भगवान पुष्पदंत नाथ का जन्मोत्सव सुबह नौ बजे से मनाया जाएगा, जिसमें महामष्तिकाभिषेक और पूजन सबसे पहले होगा। इसके बाद पंचामृत अभिषेक का आयोजन होगा। जन्मोत्सव के अंतिम बेला में भगवान पुष्पदंत नाथ की 51 दीपों से आरती की जाएगी।