मुख्य हत्यारोपी समेत तीन गिरफ्तार
देवरिया : लार थाना क्षेत्र के ग्राम हरखौली में नाली विवाद में प्रेम की चाकू घोंपकर हत्या मामले में प
देवरिया : लार थाना क्षेत्र के ग्राम हरखौली में नाली विवाद में प्रेम की चाकू घोंपकर हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। उधर अपर पुलिस अधीक्षक रुचिता चौधरी ने शुक्रवार की शाम घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों से मुलाकात की।
ग्राम हरखौली में गुरुवार को दीपावली के दिन नाली सफाई को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया और एक पक्ष के लोगों ने प्रेम के पेट में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चनुकी पुल से मुख्य आरोपी मुन्ना यादव, रत्नेश यादव व सत्येंद्र ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत एसओ राजेंद्र प्रताप सिंह यादव ने बताया कि तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस टीम जुटी है।
.....
शव पहुंचते मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद प्रेम का शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। चारों तरफ से चीत्कारें सुनाई देने लगीं। हर कोई प्रेम का चेहरा अंतिम बार देखने को दौड़ते हुए नजर आया।