एडीओ पंचायत पर हमला, फायरिंग में एक घायल
देवरिया : खंड विकास अधिकारी के सरकारी आवास में सो रहे एडीओ पंचायत पर शुक्रवार की रात बदमाशों ने हमला बोल दिया। बदमाशों ने पहले ईट-पत्थर चलाए। इसके बाद रोशनदान से पांच राउंड फायरिंग की। आवास में मौजूद एडीओ के रिश्तेदार गोली लगने से घायल हो गए । कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मऊ जनपद के कोपागंज निवासी दिनेश तिवारी सलेमपुर विकास खंड में सहायक विकास अधिकारी पंचायत पद पर तैनात हैं। शुक्रवार को वह देवरिया बैठक में भाग लेने गए थे। वहां से लौटते समय देर होने के कारण अपने रिश्तेदार आजमगढ़ जनपद के आजमपुर निवासी उपेंद्र नाथ दुबे के साथ खाली पड़े बीडीओ आवास में ठहर गए। रात में लगभग साढ़े दस बजे आवास पर कुछ लोगों ने ईट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया, जिससे उनकी नींद खुल गई। कुछ ही देर बाद अचानक रोशनदान के रास्ते बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक गोली उपेंद्र के पेट में लग गई। इसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी राजेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने मौके पर पड़े खोखे को कब्जे में ले लिया। घायल उपेंद्र का उपचार सीएचसी पर कराया गया।