महिलाएं अपनी ताकत पहचानें : गजाला लारी
देवरिया : महिलाओं को अपनी ताकत पहचानने की जरूरत है। महिलाएं ही एक ताकतवार समाज का निर्माण करती हैं। आगे बढ़ने वाली महिलाएं यदि विरोध झेल लें तो उसे कोई ताकत नहीं रोक सकती। उक्त बातें रामपुर कारखाना क्षेत्र की विधायक व बाल विकास समिति की प्रदेश सलाहकार गजाला लारी ने शनिवार को पथरदेवा क्षेत्र के ग्राम मलघोट विरैचा स्थित स्वर्ण जयंती इंटरमीडिएट कालेज परिसर में महिला सशक्तीकरण पर आयोजित संगोष्ठी में कही।
उन्होंने कहा कि हर ताकतवर पुरुष किसी महिला की कोख से ही जन्म लिया है। उन्होंने कहा कि गंदगी महिलाओं के लिए अभिशाप है। अत: हर घरों में शौचालय का निर्माण होना चाहिए। मुख्य अतिथि राज्यसभा की सदस्य श्रीमती कनकलता सिंह ने कहा कि पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का प्रयास करुंगी। डा.शशिप्रभा गुप्ता ने कहा कि संस्था महिलाओं को सशक्त बनाने में सराहनीय प्रयास कर रही है। प्रत्येक व्यक्ति अब महिलाओं के उत्थान के लिए प्रयास करे। कार्यक्रम में संस्था उपाध्यक्ष एसपी सिंह एडवोकेट, संरक्षक व सेवानिवृत आइएएस जेएनएल श्रीवास्तव, सचिव व पूर्व प्राचार्य ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव, पूर्व विधायक रुद्रप्रताप सिंह, प्रधानाचार्य शरद कुमार श्रीवास्तव, सूर्यप्रकाश श्रीवास्तव, रामाज्ञा तिवारी, अछैबर तिवारी, राजीव धर द्विवेदी, आशा मिश्र, बीके सिंह, विष्णुदेव पाठक, ज्ञानमती देवी, मीरा देवी, सुनीता सिंह, कुसुम श्रीवास्तव, नीतेश सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।