पूंजीपतियों को बढ़ावा दे रही सरकार
देवरिया : तहसील क्षेत्र के प्रतापपुर मिल गेट पर चल रहा अखिल भारतीय किसान महासभा के धरने को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व विधायक कामरेड अमरनाथ यादव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकारें पूंजीपतियों को बढ़ावा देने में लगी हैं। किसानों के बल पर सरकार बनाने वालों को किसानों की चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि किसान सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। विद्युत कटौती से पूरा प्रदेश कराह रहा है। ट्यूबवेल खराब है। खेत पानी बिना सूख रहे हैं। श्रीराम कुशवाहा ने कहा कि दोनों सरकारें भ्रष्टाचार को बढ़ावा दें रही हैं। तहसील व थाना दलाली के केन्द्र बने हैं। गरीब को परेशान किया जा रहा है। गरीबों का खाद्यान्न खुलेआम बाजार में बेचा जा रहा है। हमारा यह आंदोलन तब तक चलता रहेगा जब तक किसानों का हक नही मिल जाता। धरना को छोटेलाल कुशवाहा, अमरनाथ गोंड, राम अशीष यादव, प्रभुनाथ कुशवाहा ने संबोधित किया।