डीआइओएस कार्यालय के सामने शिक्षकों का आंदोलन
देवरिया : उ.प्र.माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन के प्रथम चरण में शुक्रवार को डीआइओएस कार्यालय परिसर में अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सभा भी हुई। इसके उपरांत मुख्यमंत्री को संबोधित 22 सूत्रीय ज्ञापन लेखाधिकारी को सौंपा गया। इस दौरान सभा हुई।
सभा को संबोधित करते हुए संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष कामेश्वर पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार की शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी विरोधी नीतियों के चलते आज माध्यमिक शिक्षा में गुणवत्ता का हृास हो गया है। शिक्षकों की कमी, संसाधन का अभाव है। रिक्तपदों पर नियुक्ति करने में माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड पूर्णरूप से असमर्थ है। संगठन के प्रांतीय मंत्री भैरव सिंह ने कहा कि उ.प्र.माध्यमिक शिक्षक संघ आज भी पुरानी मांग शिक्षा के राष्ट्रीयकरण के प्रति पूरी तरह से गंभीर है, परंतु कुछ शिक्षक नेताओं के व्यक्तिगत स्वार्थ के कारण आज तक हम अपनी पुरानी मांग से वंचित हो गए।
जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण शिक्षकों की जनपद स्तर पर लंबित समस्याओं का निराकरण नही हो पा रहा है। जिला मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री को संबोधित अपनी 22 सूत्री मांगों का ज्ञापन लेखाधिकारी को दिया गया।