पत्नी पर चाकू से हमला
देवरिया: उपनगर की एक महिला पर चाकू से पति ने ही हमला कर घायल कर दिया। महिला का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। इस मामले में महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि कोतवाली पुलिस इस तरह की किसी भी घटना से अनभिज्ञता जता रही है।
उपनगर की एक महिला की शादी मईल थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। महिला व उसके पति के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव है। कुछ दिनों से महिला उपनगर में ही अपने मायके में रहती है। एक दिन पूर्व उसका पति आया और महिला पर चाकू से हमला कर दिया, जो महिला के हाथ में लगा। महिला का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। सूत्रों की माने तो महिला ने अपने पति पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाया है। पति की गलत बातों को तवज्जो नहीं दिया, जिसके चलते पति ने उसपर चाकू से हमला कर दिया। इस बाबत कोतवाली पुलिस का कहना है कि कोई सूचना नहीं मिली है।