अनसुनी फरियाद, आत्मदाह की चेतावनी
देवरिया: तहसील क्षेत्र के बनकटा मिश्र गांव निवासी रामदेई पत्नी शंकर बैनामा की जमीन पर जबरन कब्जा करने की समस्या को लेकर छह माह से हाकिमों की चौखट पर न्याय के लिए हाजिरी लगा रही है। उसकी फरियाद कहीं नही सुनी जा रही है। अनशन के बाद उसने आत्मदाह करने का फैसला किया है। इसके लिए उसने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है।
पत्र में उसने कहा है कि मैं दलित, असहाय व अतिनिर्धन महिला हूं। मेरे बैनामे की भूमि पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया है। कई बार थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी व उपजिलाधिकारी को पत्रक सौंपा, लेकिन कोई कार्रवाई अब तक नही हुई है। जमीन से कब्जा नही हटा तो कुनबे के साथ आमरण अनशन, भूख हड़ताल व आत्मदाह करूंगी। इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। एसडीएम भाटपाररानी अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह मामला मेरी जानकारी में नही है। तहसील से पता करता हूं। अगर महिला पीड़ित है और उसकी मांग जायज है तो उसे न्याय जरूर मिलेगा।