नदी में मिला युवती का शव
देवरिया: मईल थाना क्षेत्र के ग्राम भागलपुर के समीप घाघरा नदी में एक युवती का शव लोगों ने देखा। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पानी में अधिक दिन होने से फूल गया था, जिससे पुलिस शव की शिनाख्त कराने में सफल नहीं हो सकी। युवती के शरीर से अधिकांश कपड़े भी गायब थे।
शनिवार की शाम लोग उफनाई घाघरा नदी की तरफ गए। इसी बीच लोगों की नजर नदी में एक शव पर पड़ी, जो युवती का था और शरीर से अधिकांश कपड़े गायब थे। लोगों ने मईल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मईल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शव से दुर्गध उठ रहा था। युवती की उम्र लगभग 25 वर्ष थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस बाबत एसओ देवेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। शव कहीं से बह कर आया है, जिसके चलते शिनाख्त नहीं हो पा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
सुबह भी दिखा एक शव
घाघरा नदी में रविवार की सुबह भी लोगों ने एक युवक का शव देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची, लेकिन उसके पहले शव बह कर अन्यत्र चला गया था।