गोर्रा की कटान से दहशत में पिड़री गांव
देवरिया : क्षेत्र में गोर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर का स्तर का असर गांवों पर दिखने लगा है। ग्राम पिड़री के समीप गोर्रा यू टर्न लेकर गांव की तरफ खतरनाक रुख किए हुए है। करीब तीस मीटर तक गोर्रा कटान कर चुकी है। विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर कटान स्थल का जायजा ले रहे हैं। हालत की गंभीरता भांप उप जिलाधिकारी भगवानदीन ने भी मौके का जायजा लिया। ग्रामीणों से संयम रखने को कहा।
बता दें शनिवार की देर रात नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने व कटान होने से गांव के नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है। हर वर्ष हो रहे कटान के दंश झेलने को विवश ग्रामीण बाढ़ विभाग की कारस्तानी पर आंसू बहाने को मजबूर है। नदी के कटान से गांव का अस्तित्व भी खतरे में है, क्योंकि विभाग ने बचाव के नाम पर कोई काम नहीं किया है। आनन-फानन में पहुंचा विभाग बंब्रोक्रेटस और झाड़ झखांड डालकर कटान स्थल को रोकने की कवायद कर रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक नदी का कटान जारी था।
इस बाबत एसडीएम ने बताया कि कटान पर रोक लगाई जा रही है। स्थिति पर बराबर नजर रखी जा रही है। गांव को हर हाल में बचाने का प्रयास किया जाएगा।
भागलपुर में घाघरा ने पार किया खतरे का निशान
घाघरा का जलस्तर लगातार उफान पर है। बढ़ते जलस्तर से तटीय क्षेत्र के लोगों के होश फाख्ता है। तुर्तीपार स्थित केंद्रीय जल आयोग के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर में घाघरा नदी ने रविवार को खतरे के निशान को पार कर दिया। घाघरा भागलपुर में 64.110 मीटर पर दोपहर बारह बजे तक बह रही थी। जबकि प्रति घंटे दो सेमी की बढ़ोत्तरी हो रही है। उधर लगातार बढ़ते जलस्तर से अधिकारी भी परेशान नजर आ रहे हैं और लगातार बंधों का निरीक्षण भी करना शुरू कर दिया है।