बिजली कटौती को लेकर रुद्रपुर बंद
देवरिया : रुद्रपुर में पटरी से पूरी तरह उतर चुकी बिजली व्यवस्था को लेकर शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। दुकानें बंदकर लोग सड़कों पर उतर आए। समर्थन में पूरा नगर बंद रहा। नगर पंचायत चेयरमैन छट्ठेलाल के नेतृत्व में लोगों ने तहसील परिसर में धरना दिया।
तहसील परिसर में धरने को संबोधित करते हुए सांसद कमलेश पासवान ने कहा कि सूबे में कानून का राज समाप्त हो चुका है। बहू-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं रह गई है। बिजली के मामले में सौतेलेपन का व्यवहार किया जा रहा है। राजनीतिक द्वेषवश लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार का यही रवैया रहा तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। नपं अध्यक्ष छट्ठेलाल निगम ने कहा कि नगर सहित ग्रामीण इलाकों के लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। हमें मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ रहा है। विभाग की लचर कार्यशैली की वजह से लो वोल्टेज सहित अन्य समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। धरने को दीपक सिंह उर्फ गब्बू, रमेश सिंह, मनीष गुप्त, नन्हें पटेल, अंकित मणि त्रिपाठी, सुनील कुमार गुप्त, मथुरा पांडेय, महेश मणि, अजय मणि त्रिपाठी, जीवन कुमार बरनवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, ब्रजबिहारी पांडेय, आनंद सिंह आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर दयानंद वर्मा, करुणेश त्रिपाठी, महेश्वर पाठक, गोपलेश तिवारी, प्रेम तिवारी आदि मौजूद रहे।
................
छात्रों से हुई नोकझोंक
रामजी सहाय पीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष अखिलेश यादव व पूर्व अध्यक्ष अमरजीत निषाद द्वारा दुकानें बंद कराने के दौरान कुछ जगहों पर नोकझोंक हो गई, लेकिन बाद में मामला सुलझ गया।
प्रमुख मांगें
- बिजली का शेड्यूल बदला जाय
- जेई और एसडीओ रात्रि विश्राम करें
- जर्जर तारों को बदला जाय
- लो वोल्टेज से निजात दिलाया जाय
खजुहा चौराहे पर जाम लगाया
उपनगर के खजुहा चौराहा पर चार दिन में दो बार ट्रांसफार्मर जलने से उपभोक्ता आक्रोशित हो उठे। चौराहे पर चक्का जाम कर धरने पर बैठ गए। विभाग के अधिशासी अंभियता एके सिंह के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। धरने में जितेंद्र गुप्ता, नित्यानंद त्रिपाठी, राजेश त्रिपाठी, मनमथ त्रिपाठी, संजीव कुमार गुप्त उर्फ बाजन, अनिल पटेल, संगम मोदनवाल, ई सुशील चंद, करुणानिधान मिश्र, मंटू पांडेय आदि शामिल रहे।