पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग
देवरिया:
पुलिसिया उत्पीड़न के खिलाफ बुधवार को भटनी में नागरिक उग्र हो गए और सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किए। साथ ही भटनी पुल पर बिहार को जाने वाली सड़कों को एक घंटे तक जाम रखा। अपर पुलिस अधीक्षक के जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद लोग माने और जाम समाप्त हुआ। इस दौरान राहगीरों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला पंचायत सदस्य कमलेश यादव के नेतृत्व में लोग भटनी पुल पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन करने लगे। इसके कुछ देर बाद लोग सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिए। इस दौरान संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भटनी थाने में लोगों से वसूली हो रही है। पांच दिन पूर्व एक मार्ग दुर्घटना में पिकप को पकड़ा गया, जिसमें एक दरोगा द्वारा पैसे की वसूली की गई। इसके अलावा पासपोर्ट जांच, मुकदमा लिखने के नाम पर वसूली हो रही है। अपराधियों पर कार्रवाई करने की बजाए पुलिस आम लोगों को जेल में डालने का काम कर रही है। ऐसे पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। अंत में इंस्पेक्टर ने अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ द्विवेदी से मोबाइल पर प्रदर्शनकारियों से बात कराई। एएसपी ने दरोगा के खिलाफ जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ। इस दौरान अरविंद शाही, अम्बिका यादव, कन्हैया जायसवाल, मनोज कुमार यादव, पंचम सिंह, तारकेश्वर नाथ तिवारी, मुन्ना यादव, सुरेंद्र चौरसिया आदि उपस्थित रहे।