एडीएम ने पिलाया जूस, टूट गया अनशन
देवरिया : बरहज विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत करायल उपाध्याय के ग्राम प्रधान के खिलाफ खंड विकास अधिकारी बरहज द्वारा प्रेषित जांच आख्या में 3.40 लाख रुपये का गबन सिद्ध होने के बाद भी जिला पंचायत राज अधिकारी रमाशंकर सिंह द्वारा कार्रवाई नही किए जाने के विरोध में ग्राम पंचायत सदस्य राकेश उपाध्याय का आमरण अनशन कलेक्ट्रेट परिसर में दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। शाम को एडीएम प्रशासन बीके गुप्ता ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। साथ ही जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अनशन स्थल पर बैठे श्री उपाध्याय ने डीपीआरओ को पद से हटाने व ग्राम प्रधान को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अनशन तब तक जारी रहेगा जब तक जिलाधिकारी का आदेश की प्रति प्राप्त न हो जाए।
अनशनस्थल पर सभा को संबोधित करते हुए छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रामनिवास उपाध्याय ने कहा कि जिला पंचायत राज अधिकारी को को चैन से रहने नहीं दिया जाएगा। हिन्दुस्तान जनमोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने कहा कि यह भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने की संकल्पना है। जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष कैलाश तिवारी ने कहा कि राकेश उपाध्याय की मांग का अगर नहीं माना गया तो प्रशासन की नींद हराम कर देंगे। ब्लाक कांग्रेस कमेटी बरहज के अध्यक्ष गजेंद्र शुक्ल ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अभियान चलाया जाएगा। सुरेश यादव, बृजेश उपाध्याय, चंद्रभान मिश्र, रब्बे सलीम, रामदास चौहान, रत्नेश उपाध्याय, विजय कुमार शुक्ल आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान राजेश उपाध्याय, राम़कृपाल शुक्ल, धर्मेद्र उपाध्याय, शिवनाथ यादव, रामजीत यादव, सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।