बेटी पैदा होने पर युवक का अस्पताल में हंगामा
जागरण संवाददाता, देवरिया:
बेटी पैदा होते ही एक पिता रविवार को शराब की नशे में सीएचसी सलेमपुर में जमकर हंगामा मचाया। उसे बेटी होने का काफी दुख था। बाद में उसे लोगों ने समझाया। बिना बेटी का चेहरा देखे ही वह युवक अस्पताल से घर के लिए चल दिया। उधर पति के नाराज होने का असर बेचारी मां के चेहरे पर भी दिख रहा था।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। एक महिला गर्भवती थी। उसकी केवल तीन बेटियां थी। परिवार के सदस्यों ने बेटे के लिए बहुत मन्नत की थी। शनिवार की रात महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुआ तो परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले गए। जहां महिला ने एक और नन्ही सी बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म होने की सूचना मिलते ही महिला का पति परेशान हो गया और शराब पीकर अस्पताल में आ गया। इसके बाद उसने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होता देख लोगों ने उसे समझाया। इसके बाद वह युवक बिना अपनी पत्नी का चेहरा देखे ही अस्पताल से चला गया।