मारपीट में पांच महिलाओं समेत आधा दर्जन घायल
जागरण संवाददाता, देवरिया : कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमुआ में भूमि विवाद को लेकर रविवार की सुबह दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें पांच महिलाओं समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमे की कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
दो पट्टीदारों के बीच भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार की सुबह उसी विवाद के चलते कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडे के साथ ही ईट-पत्थर भी चलने लगे। लोगों के बीचबचाव करने के बाद मामला शांत हो सका। इस दौरान पांच महिलाओं समेत आधा दर्जन लोग घायल हो चुके थे। इनमें कैलाश की पत्नी मीरा , बेटी सरोज, बबली, नेहा, काजल व लड़का प्रमोद हैं। इस बाबत कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।