बस से टकराई पिकप,सगी बहनों की मौत
फोटो फाइल न.- 4 जागरण संवाददाता, चित्रकूट : दहिनवारा कार्यक्रम से वापस घर आते समय रोडवेज बस में पी
फोटो फाइल न.- 4
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : दहिनवारा कार्यक्रम से वापस घर आते समय रोडवेज बस में पीछे से जोरदार भिडंत होने से पिकप में सवार आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने गंभीर रूप से घायल महिला को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो महिलाओं को इलाहाबाद रिफर किया है। इलाज को ले जाते समय एक महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार की रात भरतकूप कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया गया कि लूकपतौड़ा गांव की सीमा (22) पत्नी रामविलास, बृजरानी (35) पत्नी रामचरण कोटार्य, जानकी (13) पुत्र गनेशा, शिवऔतारी (40) पत्नी गनेशा, राजरानी (40) पत्नी तिजोल बुधवार को बांदा जिले के बिसंडा के घमहापुरवा में दहिनवारा कार्यक्रम में शामिल होने के लिये गए थे। शुक्रवार की रात्रि पिकप से वापस आकर जुगुलपुर गांव में परिजनों को छोड़ने के बाद लूक पतौड़ा गांव के रिश्तेदारों को लेकर घर जा रहे थे। जैसे ही पिकप भरतकूप पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो चालक पप्पू पुत्र राममिलन निवासी रामपुर ने रोडवेज बस में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे उसमें सवार सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में एम्बुलेंस से भर्ती कराया। जहां बृजरानी को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर दशा के चलते सीमा और शिवऔतारी को इलाहाबाद रिफर किया। इलाज को ले जाते समय रास्ते में घायल सीमा ने भी दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा।
दोनों सगी बहनें थी
दोनों मृतका सगी बहनें थीं। गांव के एक ही परिवार में ब्याही थी। मृतका बृजरानी के तीन पुत्री व दो पुत्र हैं। पति खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता है। सीमा के तीन पुत्रियां हैं। पति खेती किसानी करता है।