पकड़ी गई असलहा फैक्ट्री,बने-अधबने तमंचे बरामद
जागरण संवाददाता, चित्रकूट: विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अराजकतत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत
जागरण संवाददाता, चित्रकूट: विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अराजकतत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को 44 लोगों के खिलाफ मिनी गुंडा एक्ट की कार्यवाही की गई। साथ ही नाजायज असलहा फैक्ट्री चलाने वाले को भी गिरफ्तार किया गया है।
भयमुक्त माहौल में विधानसभा चुनाव सम्पन्न कराने के लिए जिला पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रैपुरा थाना पुलिस ने गौरिया जंगल से फतेहपुर जिले के धाता थाने के मजीदगंज निवासी विकेश पुत्र मुन्ना को अवैध तमंचा बनाने की फैक्ट्री के साथ गिरफ्तार किया है। जिसके पास से बने अधबने तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। इसी क्रम में मानिकपुर थाने के उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने आर्य नगर निवासी कन्नौ पुत्र कल्लू को अवैध शराब के साथ गिदुरहा गांव के कब्रिस्तान के पास गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा कर्वी कोतवाली के प्रभारी सत्यपाल सिंह ने 32 लोगों के खिलाफ और मारकुंडी थाना प्रभारी रामआसरे सिंह ने 12 लोगों के खिलाफ मिनी गुंडा एक्ट की कार्यवाही की है। साथ ही पूरे जिले में चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान में 37 वाहनों से 6800 रुपए शमन शुल्क वसूला गया।