मजदूरों संग उतरे प्रधान, शुरू हो गई खोदाई
बरहनी(चंदौली): इरादे नेक और हौसले बुलंद हों तो मंजिल अवश्य मिलती है। दैनिक जागरण का अभियान तलाश ताला
बरहनी(चंदौली): इरादे नेक और हौसले बुलंद हों तो मंजिल अवश्य मिलती है। दैनिक जागरण का अभियान तलाश तालाबों की प्रकृति के बिगड़े स्वरूप को बनाने के लिए रामबाण का कार्य कर रहा है। यह कारण है कि तालाब संरक्षण में सुखद, लाभदायक और स्थाई जीवनदाई परिणाम सामने आने लगे हैं। विकास खंड में तालाबों की साफ सफाई, खोदाई के कार्य ने गति पकड़ ली है।
अमड़ा गांव के युवा ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार ने इसी अभियान की ऊर्जा शक्ति से लबरेज होकर स्वयं पुराने उपेक्षित तालाब का रविवार को मनरेगा मजदूरों के साथ फावड़ा लेकर खोदाई कार्य प्रारंभ कराया। कहा जल ही जीवन और जब जीवन ही सुरक्षित नहीं तो ऐसे जीवन से क्या फायदा। सभी प्राणियों की रक्षा के लिए जल संरक्षण जरूरी है। इसके लिए सभी को पोखरा, तालाबों के अस्तित्व को किसी भी कीमत पर बचाना होगा। अन्न के बिना तो लोग कुछ दिन तक जीवित रह सकते हैं। पर पानी के बिना एक दिन भी जीना मुश्किल होगा। अभी से नहीं चेते तो इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। इस भयानक परिणाम से बचने के लिए ही दैनिक जागरण ने यह अभियान चलाया है। इस पर अमल करते हुए ग्राम प्रधान नामचीन मौजा अमड़ा में पांच एकड़ के पानी विहीन तालाब के लिए छह लाख रुपये की कार्य योजना बनाए हैं। यह तालाबों पचास वर्ष पुराना है और पूरी तरह उपेक्षित प्यासा पड़ा है। इस तालाब की तरफ आदमी तो आदमी पशु पक्षी भी रुख नहीं करते हैं। इसकी खोदाई कर पक्की सीढ़यिां व घाट बनवाया जाएगा। उसमें पानी भरा जाएगा, ताकि जल का संचयन हो सके। इससे पशु पक्षियों को जहां पानी पीने को मिलेगा, वहीं आग लगने पर भी काम आएगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्ष लगाए जाएंगे। दूसरी तरफ मनरेगा के मजदूरों को काम भी मिलेगा और उनकी जीविका भी चलेगी। देखा जाए तो दैनिक जागरण का यह अभियान जनहित में बहुत ही सराहनीय है। इसके लिए सभी को पहल करनी चाहिए।