बर्न यूनिट में गंदगी, भड़के परिजन
चंदौली : जिला अस्पताल की बर्न यूनिट में गंदगी का अंबार लगा है। यहां भर्ती होने वाले मरीजों को गंदगी
चंदौली : जिला अस्पताल की बर्न यूनिट में गंदगी का अंबार लगा है। यहां भर्ती होने वाले मरीजों को गंदगी से भिनभिनाने वाली मक्खियां इस कदर घेरती है मरीज एक तो दर्द ऊपर से मक्खियों के हमलों से वे चिल्लाने लगते हैं। गुरुवार की सुबह ऐसे ही एक मामले में अस्पताल व्यवस्था के खिलाफ यहां भर्ती मरीजों के परिजनों ने जमकर बवाल मचाया। जानकारी पाकर मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर भी आ गए और उन्होंने भी चिकित्साधिकारियों पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने जिलाधिकारी को यहां की जानकारी दी और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
गौसपुर सकलडीहा निवासी गुरु प्रसाद यादव की पत्नी मन्ना देवी (30 वर्ष) गुरुवार की भोर में ढिबरी से झुलस गई। वह भोर में चूल्हा जलाने के लिए आग जला रही थी कि पास में रखी ढिबरी से उसकी साड़ी में आग लग गई। चीख पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने आग पर तो काबू पा लिया पर उसकी हालत देख वह सीधे जिला अस्पताल की बर्न यूनिट में चले आए।
उसका प्राथमिक उपचार शुरू हुआ पर परिजन यहां की व्यवस्था देख नाराज हो गए। एक तो पर्याप्त इलाज नहीं ऊपर से वार्डों में कूड़ा करकट, पन्नी, कागज, मिट्टी और जगह-जगह पानी के कारण मक्खियां भिनक रही थीं। परिजनों ने सफाई की बात की तो उन्हें खरी खोटी सुननी पड़ी। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया।
इस दौरान अशोक यादव, ललित, सोनू, रामू यादव, हीरा यादव आदि लोग थे। जानकारी पर सपा जिलाध्यक्ष आ गए और सीएमओ और सीएमएस के जवाबों से वे उन पर उखड़ गए। उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत कर संबंधितों पर कार्रवाई की मांग की। कहा कि वे स्वयं भी मुख्यमंत्री को पत्रक भेजकर जिला अस्पताल की व्यवस्था बताएंगे।