कांग्रेस के योगदान को जन-जन तक पहुंचाएं : निर्मल खत्री
पड़ाव (चंदौली) : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा है कि कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास,
पड़ाव (चंदौली) : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा है कि कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, देश की आजादी में योगदान और विकास में सशक्त भागीदारी की मुकम्मल जानकारी होनी चाहिए। यह सब जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है।
वह शनिवार को वाराणसी व मीरजापुर जोन के युवाओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय युवा नेतृत्व विकास शिविर में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एक तरफ हमारे युवा साथी हैं जो कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास करते हैं और उसे समाज में प्रसारित व प्रचारित करने का बीड़ा उठाए हैं। दूसरी तरफ वरिष्ठ साथी भी हैं जो अपने अनुभव बांट रहे हैं। इस शिविर से निकलने के बाद कार्यकर्ता सांप्रदायिक ताकतों द्वारा फैलाई जाने वाली भ्रांतियों का मजबूत से जबाव देने में सक्षम होगा।
उच्च न्यायालय के सेवानिवृक्त मुख्य न्यायाधीश अब्बास हैदर ने कहा कि आजादी की जंग में शहादत हासिल करने वाली महान हस्तियों में कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े लोगों की संख्या ज्यादा हैं। कुछ सांप्रदायिक ताकतें केवल वाह-वाही लूटने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहीं हैं। राष्ट्र की छवि को बिगाड़ने का अधिकार किसी को नहीं है। कांग्रेस कभी ऐसा नहीं होने देगी।
गुजरात से आए इतिहासविद लालजी देसाई ने कहा कि कांग्रेस ने कभी लोगों के बीच भेद नहीं किया। संविधान में सभी को एक माना गया। नेहरू के विजन से तमाम औद्योगिक इकाइयां लगाने के साथ ही विकासोन्मुख योजनाएं चलाई गई। पार्टी ने कुरीतियां के खिलाफ दृढ़ निश्चय व संकल्प के साथ कानून का निर्माण कर उसका अनुपालन कराया।
राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश प्रभारी जुबेर अहमद ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से हम कांग्रेस की नीतियों को नीचे तक ले जाना चाहते हैं। इस प्रशिक्षण में हम उस युवा नेतृत्व की खोज करेंगे जो देश व समाज के लिए काम आए। मास्टर कोच तलाशे जाएंगे जो प्रशिक्षण के बाद निचले स्तर पर दूसरे कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे।
राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि देश में जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा था उससे कांग्रेस की सही तस्वीर लोगों तक नहीं पहुंच पा रही थी इसलिए 2008 में ही जवाहर लाल नेहरू लीडरशिप डेवलपमेंट इंस्टीच्यूट की स्थापना की गई और तभी से इस तरह के प्रशिक्षण चल रहे हैं। युवा शक्ति को एकजुट व जागरूक करना और राष्ट्र की धारा में जोड़ना ही इसका उद्देश्य है। इस अवसर पर प्रदीप माथुर, नसीम पठान, जुबेर अहमद, प्रकाश जोशी, ललितेश त्रिपाठी, राजेशपति त्रिपाठी, मधुकर पांडेय, अजय राय, रामजी गुप्ता, मधुराय सहित काफी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। शिविर में कुल 250 युवा कार्यकर्ता शामिल हैं।