ठंड से किटकिटाए दांत
चंदौली/पड़ाव : एक सप्ताह से पड़ रही ठंड ने शनिवार को विकराल रूप ले लिया। शनिवार की ठंड ने हाड़ कंपा दिए
चंदौली/पड़ाव : एक सप्ताह से पड़ रही ठंड ने शनिवार को विकराल रूप ले लिया। शनिवार की ठंड ने हाड़ कंपा दिए। इससे जहां बुजुर्गो को परेशानी हुई वहीं अभिभावकों ने अपने छोटे-छोटे बच्चों को घरों में कैद रखा।
दो दिन से चल रही पछुआ हवा से ठंड ककाफी बढ़ गई है। दिन में तो धूप आदि से थोड़ी राहत मिल जाती है पर सुबह और रात्रि में हाथ पांव कंपकंपा जा रहे हैं। ठंड की वजह से दांत भी किटकिटा रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन, नगर क्षेत्रों में अलाव आदि की व्यवस्था की गई है, ठंड के आगे वह नाकाफी है।
ठंड की वजह से दिन में भी लोग शीशी करते रहे।
पड़ाव प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्रीय लोगों की मांग के बाद जिला प्रशासन ने शुक्रवार की रात स्थानीय चौराहे पर अलाव जलाने की व्यवस्था कर दी गई है। इससे राहगीरों व क्षेत्रीय लोगों को राहत मिली।
चौराहे पर प्रदेश के साथ साथ दूसरे राज्य के राहगीर भी वाहन पकड़ने के लिए आते हैं। ठंड बढ़ने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अलाव जलाने के लिए क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन से अलाव जलवाने की मांग की थी। लेखपाल मंगल मौर्य ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर अलाव की व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन चौराहे पर सुबह शाम अलाव जलाया जाएगा। शासन की मंशा है कि ठंड से किसी भी असहाय व गरीब की मृत्यु न हो। इसके लिए जगह जगह जिला प्रशासन द्वारा अलाव जलवाने की व्यवस्था की जा रही है।
अन्य चौराहों पर भी हो अलाव की व्यवस्था
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जिस तरह जिला प्रशासन द्वारा चौराहे पर अलाव की व्यवस्था की गई है उसी तरह क्षेत्र के अन्य चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कर दी जाए तो वहां भी लोगों को काफी राहत मिलेगी। क्षेत्र के साहूपुरी आटो स्टैंड, व्यास नगर चौराहा, साहूपुरी मोड़, भोजपुर चौराहा आदि स्थानों पर देर रात तक चहल पहल रहती है। इन स्थानों पर भी प्रशासन को अलाव जलवाने की व्यवस्था करनी चाहिए।