दुराचार के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
नियमताबाद (चंदौली) : अलीनगर थाना क्षेत्र के कजेरी गांव से दुराचार के एक आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को सुबह गिरफ्तार किया है।
क्षेत्र के कजेरी गांव निवासी अमित (20) गांव के ही चौदह वर्षीय दलित किशोरी को गुरुवार को लेकर पास स्थित खेत में भाग गया। इसके बाद वह दुराचार का प्रयास करने लगा। इस पर बदहवास किशोरी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों के आने की भनक लगते ही युवक किशोरी को छोड़कर फरार हो गया। रोते बिलखते रात को घर पहुंची किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने थाने में शुक्रवार को सुबह युवक के खिलाफ दुराचार के प्रयास तहरीर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुराचार के आरोपी को गांव में दबिश देकर पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद ही सच्चाई का पता चल पाएगा।