सपना देख रहे नेताजी : अमित शाह
चंदौली : नेताजी को उत्तर प्रदेश के बाहर कोई जानता तक नहीं फिर भी वे देश के प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। पहले प्रदेश तो संभाल लीजिए नेताजी।
उक्त कटाक्ष बुधवार को महेंद्र टेक्निकल कालेज में आयोजित जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी अमित शाह ने किए। लगभग 40 मिनट मे अपने भाषण के दौरान श्री शाह ने जहां कांग्रेस को मुख्य निशाने पर रखा वहीं बसपा और सपा की भी जमकर बखिया उधेड़ी। सपा मुखिया को यहां तक कह डाला कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद अबतक 100 दंगे कराकर प्रदेश को दंगा प्रदेश बना डाला। उपस्थित भीड़ को चेताया कि इस बार चूक की तो सपा और बसपा केंद्र में कांग्रेस की सोनिया बहन को पुन: समर्थन करेंगे। इसी क्रम में उन्होंने चंदौली से पार्टी प्रत्याशी डा. महेंद्रनाथ पांडेय के पक्ष में जनता का सहयोग मांगा। कांग्रेस पर प्रहार किया कि100 दिन में महंगाई खत्म करने का वादा करके आई कांग्रेस ने दस वर्षो में 300 गुना महंगाई बढ़ा दी। 12 लाख करोड़ के घोटाले किए। कहा पाक हमारे सैनिक का सिर काटकर भारत का अपमान करता है, मोदी सरकार बनते ही क्या पाकिस्तान ऐसा करेगा। सरकार बनते ही पाकिस्तान भारत सीमा से तीस किमी दूर भाग जाएगा।
वहीं प्रत्याशी महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि चुने जाने के बाद वह बेहतर विकास व सेवा कर चंदौली को राष्ट्रीय क्षितिज पर लाने का काम करेंगे।
सुशील ने थामा भाजपा का दामन
जनसभा के दौरान सकलडीहा के निर्दल विधायक सुशील सिंह के भाजपा का दामन थामने की घोषणा की गई। इस मौके पर श्री सिंह ने दावा किया चंदौली सीट मोदी की झोली में डालने के लिए वह अपनी जान लगे देंगे। इसके पूर्व उन्होंने अमित शाह को चांदी की तलवार, साफा और स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान मंच पर दर्जनों और श्रोताओं की भीड़ हजारों में उपस्थित थी।