बक्सर सीट पर 57 फीसद मतदान
दुर्गावती/भभुआ (कैमूर) : बक्सर संसदीय सीट के लिए गुरुवार को छिटपुट घटनाओं के बीच 57 फीसद मतदान हुआ। इस दौरान मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सिसौड़ा मतदान केंद्र पर एक युवक ने फर्जी मतदान दिलाने का प्रयास किया तो सुरक्षा कर्मियों ने उसे दिनभर केंद्र पर बैठाए रखा।
लोकतंत्र के सबसे बड़े चुनाव में बक्सर सीट के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान के कुछ ही देर बाद दिनारा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 157, 158 पर मतदाताओं ने मत का बहिष्कार किया। बक्सर पोलिंग स्टेशन 138 पर भी मतदाताओं ने वोट का बहिष्कार किया। वहीं नुआंव के केंद्र संख्या 138 और 141 पर घंटे भर बार ईवीएम खराब हो गई। दोनों केंद्रों पर ईवीएम बदली गई।
दुर्गावती क्षेत्र में 86395 मतदाताओं के लिए 88 मतदान केंद्र बनाए गए थे। केंद्रों पर सुबह मत प्रतिशत काफी धीमा रहा। पर दोपहर के 12 बजते बजते मतदान 40 फीसद तक पहुंच गया। इस चुनाव में युवा वर्ग एवं महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। पूरे प्रखंड में 62.85 प्रतिशत मत पडे़। मतदान में युवा, बुजुर्ग, नई नवेली दुल्हनों तक उत्साह भी देखते बन रहा था। चिलचिलाती धूप होने के बाद भी मतदाताओं ने अपनी पारी के लिए घंटों इंतजार किया और अपना मत डाला।
मतदान केंद्रों पर जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक के अलावा चुनाव प्रेक्षक व अन्य अधिकारी बराबर चक्रमण करते रहे।