मंत्री पहुंचे पीड़ितों के दर, आंख मिली आंसुओं से तर
जेवर (बुलंदशहर) : बुधवार रात स्टेट हाईवे पर हुई घिनौनी घटना के बाद पीड़ितों से शनिवार को मिलने पहुंचे
जेवर (बुलंदशहर) : बुधवार रात स्टेट हाईवे पर हुई घिनौनी घटना के बाद पीड़ितों से शनिवार को मिलने पहुंचे केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति राज्य मंत्री डा. महेश शर्मा ने कहा कि वह दुख की इस घड़ी में साथ खड़े हैं। हर हाल में बदमाशों को सींखचों के अंदर किया जाएगा। पीड़ितों ने मंत्री से पुलिस की शिकायत की। बताया कि पुलिस दुष्कर्म न होने की बात कह रही है। साथ ही अनावश्यक दबाव दिया जा रहा है।
शनिवार, पूर्वाह्न करीब 11 बजे महेश शर्मा पीड़ित परिजनों से मिलने पहुंचे। महेश शर्मा के पहुंचते ही पीड़ित परिवार के सदस्यों ने रोते-बिलखते अपना दुखड़ा सुनाया। कहा कि पुलिस डाक्टरी रिपोर्ट के आधार पर महिलाओं से प्रथम दृष्टया दुष्कर्म न किए जाने की बात कह रही है जबकि बदमाशों ने उनके परिवार की महिलाओं की आबरू लूटी। गृह स्वामी को गोली से उड़ा दिया। अब पुलिस का यह बयान उन्हें परेशानी में डाल रहा है। मंत्री महेश शर्मा ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। कहा कि फोरेंसिकलैब से जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता। अन्याय कतई नहीं होने पाएगा। बताया कि घटना के राजफाश के लिए एसटीएफ, एसओजी, एंटी एक्सटोशनल टीम के अलावा पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। इसके अलावा गृह मंत्रालय से बात कर आइबी को जांच एजेंसियों की मदद करने को लगा दिया गया है। मंत्री के जाने के बाद महिला आयोग की टीम पीड़ितों से मिलने उनके घर पहुंची लेकिन, महिलाएं जिला न्यायालय में बयान दर्ज कराने जा चुकी थीं। बाद में आयोग के सदस्यों ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।
मदद देने की पहल
जेवर: शनिवार सुबह तहसील प्रशासन की टीम पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष व राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत मदद देने पहुंची। नायब तहसीलदार मोहम्मद अली ने पीड़ित परिजनों से कुछ कागजात लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। एडीओ समाज कल्याण केडी शर्मा ने घर पहुंचकर दो विधवाओं को पेंशन के लिए आवेदन कराया।
घटना के राजफाश की मांग
जेवर : शनिवार शाम को भारतीय किसान यूनियन भानू गुट का एक प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिजनों से मिलने के लिए पहुंचा। परिजनों ने किसान यूनियन से तीन दिन बीत जाने के बाद भी घटना का राजफाश न होने पर रोष जताया। प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
सम्मानित किया
जेवर: शनिवार सुबह अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष नत्थीराम शर्मा के नेतृत्व में साबौता गांव के बहादुर किसान नौबत ¨सह को सम्मानित किया गया। इस दौरान टीम ने जेवर कस्बे के टहनी वाले मंदिर में फूलमाला पहनाने के बाद उन्हें शॉल उढ़ाया। कहा कि समाज को बहादुर किसान से प्रेरणा लेनी चाहिए। इन्होंने जान की बाजी लगाकर बदमाशों से मोर्चा लिया।