रक्षाबंधन पर जाम के झाम में फंसे भाई-बहन
गुलावठी (बुलंदशहर): रक्षाबंधन पर्व पर बहन को भाई के यहां पहुंचने पर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गुलावठी (बुलंदशहर): रक्षाबंधन पर्व पर बहन को भाई के यहां पहुंचने पर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मेरठ-बुलंदशहर मार्ग पर बढ़ते वाहनों की संख्या के कारण दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। जाम से कई-कई किमी दूर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप में फंसे यात्री बेहाल रहे।
भाई के यहां राखी बांधने के लिए दिन निकलते ही घरों से निकली बहनें जाम के कारण कई घंटे देरी से अपने भाई के यहां पहुंची। मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति को देख थाने के सभी पुलिसकर्मी रोड़ पर ट्रैफिक कंट्रोल करने में लगे रहे। सवेरे छह बजे से अपने भाई को तिलक करने निकली भूखी प्यासी बहने रोड़ पर जाम होने के कारण चार-पांच घंटे देरी से पहुंची। मेरठ-बुलंदशहर मार्ग पर प्रात: से वाहनों का भारी संख्या में आवागमन बना रहा। कई-कई बार तो स्थिति जाम की बन गई जिसके चलते वाहनों की कई-कई किलोमीटर लंबी लाइन लग गई और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। इतना ही नही बसों की कमी के चलते बस स्टेंडों पर यात्रियों की काफी भीड़ जमा रही। चिलचिलाती धूप व भीषण गर्मी के चलते जाम में फंसे यात्री बेहाल रहे। यात्रियों का यह आलम था कि उन्हें बसों की छतों पर चढ़कर सफर करना पड़ रहा था। लाल व नीली बत्ती लगी गाड़ियों को भी जगह नही मिल पाई। वीआईपी लोग व एम्बुलेंस में जा रहे मरीज भी घंटों-घंटों जाम में फंसे रहे। इस दौरान डग्गामार वाहनों ने जमकर चांदी काटी। थाने के सभी पुलिसकर्मी रोड पर ट्रैफिक कंट्रोल में लगे रहे।